Lok Sabha Debates
Need To Increase Bsnl Mobile Towers In Narmada And Bharuch Districts Of Gujarat. on 18 December, 2018
Sixteenth Loksabha an> Title: Need to increase BSNL mobile towers in Narmada and Bharuch districts of Gujarat.
श्री मनसुखभाई धनजीभाई वसावा (भरूच): मेरे लोक सभा क्षेत्र भरूच-नर्मदा जिले में बी.एस.एन.एल. के मोबाइल टावर बहुत कम होने की वजह से नेटवर्क नहीं मिल पाने से दूरसंचार में काफी कठिनाइयां आती हैं और जिससे स्थानीय जनता को परेशानी उठानी पड़ती हैं । मैं जब भी अपने संसदीय क्षेत्र में प्रवास पर रहता हूँ तो यह समस्या प्रमुख रूप से सामने आती है ।
वैसे भी नर्मदा जिले में सरदार सरोवर के तट पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के विशाल प्रोजेक्ट की वजह से देश और विदेश के पर्यटकगण बड़ी संख्या में आते रहते हैं । यहाँ आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भी दूरसंचार की कठिनाई को तत्काल दूर करने की आवश्यकता है ।
भरूच जिले के नेतरंग तालुका के वनखुटा, मुंगज,मचामढ़ी, जैसपुर क्षेत्र में भी एक मोबाइल टावर लगाए जाने की आवश्यकता है । नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा तहसील के देवमोंगरा जो कि आदिवासियों की आस्था का केंद्र है तथा साथ ही मालसामोठ का एक हिल स्टेशन के रूप में विकास हो रहा है । यह क्षेत्र भी मोबाइल टावर की सुविधा से वंचित है ।
मेरा सरकार से आग्रह है कि मेरे संसदीय क्षेत्र के उपरोक्त क्षेत्रों में मोबाइल टावर की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित करवाने में सहयोग करें ।