Lok Sabha Debates
Need To Run A Shatabdi Express Or A Superfast Train On ... on 10 August, 2021
Seventeenth Loksabha > Title: Need to run a Shatabdi Express or a Superfast train on Gorakhpur-Bhatni-Varanasi-Prayagraj route-laid.
श्री रविन्दरकुशवाहा (सलेमपुर): गोरखपुर – भटनी – वाराणसी होते हुए प्रयागराज एक अत्यंत महत्वपूर्ण रेल खंड है । इस रेल खंड पर लाखों यात्री यात्रा करते हैं । गोरखपुर – वाराणसी व प्रयागराज व्यापारिक एवं धार्मिक पर्यटन के रूप में भी अत्यंत ही महत्वपूर्ण है । लाखों लोग गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर,मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्री राम के पुत्र कुश की नगरी कुशीनगर में भगवान बुद्ध की तीर्थ स्थली महापरिनिर्वाण स्थली में पूजा अर्चना करने आते हैं, इसी प्रकार कबीरदास जी की नगरी संत कबीर नगर एवं देवरिया में देवरहवा बाबा की तपो भूमि के दर्शन पूजन करने आते हैं । गोरखपुर, देवरिया,कुशीनगर, बलिया, संतकबीर नगर,तथा बिहार प्रान्त के गोपालगंज व सिवान के लाखों लोग रोजाना वाराणसी में बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर एंव भगवान बुद्ध की तीर्थ स्थली सारनाथ में पूजन दर्शन करने जाते हैं । इसी प्रकार गंगा यमुना सरस्वती तीनों नदियों का संगम व तीर्थ नगरी प्रयागराज में स्नान करते हैं । व्यपार की दृष्टि से भी इन जिलों के लोग व्यापार जैसे पान,फल, फूल व मिठाईयों तथा अन्य व्यापारिक दृष्टिकोण से हजारों लोग इस रेल खण्ड पर यात्रा करते हैं । इस रेल खण्ड पर कोई महत्वपूर्ण रेल गाड़ी न होने के कारण लाखों यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है । मैं माननीय रेल मंत्री जी से मांग करता हूं कि गोरखपुर – भटनी – वाराणसी होते हुए प्रयागराज तक शताब्दी रेलगाड़ी या कोई सुपर फास्ट कुर्सी यान रेलगाड़ी का संचालन किया जाए जिससे व्यापार व धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा ।