Lok Sabha Debates
Regarding Conversion Of Pulgaon To Arvi Railway Line In Maharashtra To Broad ... on 2 July, 2019
Seventeenth Loksabha > Title: Regarding conversion of Pulgaon to Arvi railway line in Maharashtra to broad gauge.
श्री रामदास तडस (वर्धा) : अध्यक्ष जी,सदन के माध्यम से मेरे संसदीय क्षेत्र वर्धा के अंतर्गत आने वाले एक महत्वपूर्ण विषय पर रेल मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूं । यह प्रश्न तीन-चार बार इस सभा में आया है । अंग्रेजों के जमाने से एक छोटी रेल लाइन पुलगांव से आर्वी तक है । इस छोटी रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तन के लिए भारत सरकार के पूंजीनिवेश कार्यक्रम में स्वीकृत किया गया है । इस महत्वपूर्ण रेल लाईन का कार्य शीघ्र गति से प्रारंभ करने के लिए मैं रेल विभाग से आग्रह करना चाहता हूं कि पुलगांव से आर्वी तक रेल लाइन के ब्रॉडगेज कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ करने के लिए आवश्यक निधि तथा सूचीबद्ध समय में प्रकल्प पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की कृपा करें । इस प्रकल्प के साथ-साथ आर्वी से वरुड और वरुड से आमला तक नई रेल लाइन का सर्वेक्षण रेल मंत्रालय के माध्यम से किया जा रहा है । इस प्रकल्प को गति प्रदान करने के लिए रेल मंत्री जी से मेरा निवेदन है कि इसको जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए । इस प्रकल्प का कार्य पूर्ण होने के बाद किसानों तथा विदर्भ के प्रवासी वर्ग को बड़ा फायदा होने वाला है । पुलगांव से आर्वी और आर्वी से वरुड तक ब्रॉडगेज रेल मार्ग का निर्माण होने से विदर्भ के पिछड़े इलाकों को ऊर्जा मिलेगी । मेरा आग्रह है कि रेल विभाग इस पर कार्यवाही करे ।