Legal Document View

Unlock Advanced Research with PRISMAI

- Know your Kanoon - Doc Gen Hub - Counter Argument - Case Predict AI - Talk with IK Doc - ...
Upgrade to Premium
[Cites 0, Cited by 0]

Lok Sabha Debates

Need To Provide Compensation Under Ndrf To The Farmers Of Nagaur In Rajasthan. on 8 March, 2016

Sixteenth Loksabha an> title: Need to provide compensation under NDRF to the farmers of Nagaur in Rajasthan.

श्री सी.आर.चौधरी (नागौर) : माननीय सभापति महोदय, यह राजस्थान का एक महत्वपूर्ण विषय है, एक महत्वपूर्ण घटना जो तीन और चार तारीख को हुई है, उस घटना को मैं सदन, माननीय प्रधान मंत्री जी और माननीय कृषि मंत्री जी के संज्ञान में लाना चाहता हूं। चार और पांच तारीख को राजस्थान के कई जिलों में ओलावृष्टि हुई और उससे रबी की फसलों को भयंकर नुकसान हुआ और स्पेशली जोधपुर, जैसलमेर और मेरे जिले नागौर जिले में काफी ओलावृष्टि हुई। मैं ओलावृष्टि के समय पांच तारीख को स्वयं वहीं पर मौजूद था। ओलावृष्टि बीकानेर और सीकर जिलों में भी हुई है, कई जिलों में ओलावृष्टि हुई है। ओलावृष्टि में जो सबसे सबसे बड़ी यह चीज देखने में आई और ज्योग्राफिकली उसका क्या कारण रहा है, मैं वहीं पर था, जहां पर रबी क्राप थी, स्पेशली जहां रबी की क्राप खड़ी थी, उन्हीं क्षेत्रों में ओले गिरे हैं, जहां पानी कम था, जहां रबी क्राप्स नहीं थी, वहां ओलावृष्टि नहीं हुई है। यह एक संयोग की बात है और इसी कारण से ज्यादा नुकसान हुआ है। मेरे जिले में, मेरी कांस्टीटुएंसी में मकराना, कूचामन, परबसद, डीडवाला में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ।

          मैं आपकी मार्फत तीन बातें विशेष रूप से कहना चाहता हूं कि जो फसलेंखराब हुई हैं, उनमें जीरा प्रथम है। इसी प्रकार से दूसरी फसल, जिसे ईसबगोल कहते हैं, सारी की सारी कमर्शियल क्राप्स हैं।प्याज़ आदि तीनों फसलें करीब-करीब चौपट हो गई हैं। इसी प्रकार से जौ, चना और गेहूं में नुकसान हआ है। रबी क्रॉप्स में जो तीन कमर्शियल क्रॉप्स थीं, वे सारी की सारी खराब हुई हैं। मैं आपके मार्फत माननीय प्रधान मंत्री जी से, माननीय गृह मंत्री जी से, माननीय कृषि मंत्री जी से निवेदन करना चाहूंगा कि एक स्पेशल टीम भेज कर राजस्थान के जिन जिलों में  ओलावृष्टि से नुकसान हुआ है, उसका आंकलन करवाया जाए। दूसरा, मैं प्रधान मंत्री जी और माननीय गृह मंत्री जी को बहुत साधुवाद अर्पित करना चाहूंगा कि उन्होंने कई सालों के बाद  डिज़ास्टर मैनेजमेंट में 50 गुणा राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है। उसी आधार पर इस वर्ष भी हमारा जो नुकसान हुआ है, उसका कंपनसेशन दिया जाए। हमारे प्रदेश की माननीय मुख्यमंत्री महोदया खुद चिंतित हैं। आज उनका जन्म दिवस है, हम सब उनको बधाई भी दे रहे हैं, लेकिन उनकी चिंता का मुख्य कारण यह है कि किसानों का भयंकर नुकसान हुआ है। इसलिए वे भी चाहती हैं कि केंद्र के द्वारा इस कंपनसेशन को दिया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। ...(व्यवधान)

HON. CHAIRPERSON: Shri P.P. Chaudhary, Shri Arjun Ram Meghwal, Shri Bhairon Prasad Mihra, Shri Sudheer Gupta and Shri Chandra Prakash Joshi are permitted to associate with the issue raised by Shri C.R. Chaudhary.

श्री राजीव प्रताप रूडी : सभापति महोदय, राजस्थान के बहुत सारे सदस्य आज यहां पर देर रात तक बैठे हैं और निश्चित रूप से चौधरी साहब ने जो विषय उठाया है, जिस प्रकार से ओलावृष्टि से राजस्थान में और कुछ विशेष क्षेत्रों में नुकसान हुआ है, मैं कृषि मंत्री जी के संज्ञान में इनकी समस्याओं को लाऊंगा और उनकी भी टीम वहां जाएगी। साथ-साथ गृह मंत्री के संज्ञान में भी लाऊंगा क्योंकि देश के प्रधान मंत्री ने यह संकल्प लिया है कि देश के किसानों के प्रति यह सरकार पूरी तरह से समर्पित रहेगी। किसान का विषय कहीं भी आएगा तो प्रधान मंत्री दो कदम आगे चल कर किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए हर कदम उठाएंगे और इसीलिए तो देश के प्रधान मंत्री ने ऐसी स्थिति को देखते हुए कृषि फसल बीमा इस देश में लागू की है। मुझे लगता है कि ऐसे ही गरीब किसानों के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। निश्चित रूप से हमारी टीम वहां जाएगी और जो सबसे अच्छी व्यवस्था हो सकेगी, राज्य सरकार और वसुंधरा जी से बात कर के इनके विषय को हम लोग उठाएंगे।