Legal Document View

Unlock Advanced Research with PRISMAI

- Know your Kanoon - Doc Gen Hub - Counter Argument - Case Predict AI - Talk with IK Doc - ...
Upgrade to Premium
[Cites 0, Cited by 0]

Lok Sabha Debates

The Speaker Made References To The Passing Away Of Shri Suresh C. Angadi, Sitting ... on 29 January, 2021

Seventeenth Loksabha an> Title: The Speaker made references to the passing away of Shri Suresh C. Angadi, sitting Member of the Lok Sabha, Minister of State in the Ministry of Railways and Member of the Fourteenth to Sixteenth Lok Sabhas; Shri Ram Vilas Paswan, sitting Member of the Rajya Sabha and Minister for Consumer Affairs, Food & Public Distribution and Member of the Sixth, Seventh, Ninth to Fourteenth and Sixteenth Lok Sabhas; Shri Ramkrishna Baba Patil, Member of the Twelfth Lok Sabha; Dr. Hari Singh, Member of the Eleventh Lok Sabha; Shri Liladharbhai Khodaji Vaghela, Member of the Sixteenth Lok Sabha; Dr. A. Kalanidhi, Member of the Seventh and Eighth Lok Sabhas; Shri Jaswant Singh, Member of the Ninth to Eleventh and Fifteenth Lok Sabhas; Shri Rasheed Masood, Member of the Sixth, Seventh, Ninth, Tenth and Fourteenth Lok Sabhas; Dr. Kartikeswar Patra, Member of the Tenth Lok Sabha; Shri C.M. Chang, Member of the Fifteenth Lok Sabha; Shri Mahesh Kumar Kanodia, Member of the Tenth to Twelfth and Fourteenth Lok Sabhas; Shri Abu Ayes Mondal, Member of the Fourteenth Lok Sabha; Dr. Mahadeepak Singh Shakya, Member of the Fifth, Sixth and Ninth to Twelfth Lok Sabhas; Smt. Chandravati, Member of the Sixth Lok Sabha; Sardar Mohinder Singh Gill, Member of the Fifth Lok Sabha; Shri Tarun Gogoi, Member of the Fifth to Seventh, Tenth, Twelfth and Thirteenth Lok Sabhas; Shri Ahmed M. Patel, Member of the Sixth to Eighth Lok Sabhas; Smt. Kiran Maheshwari, Member of the Fourteenth Lok Sabha; Shri Prithvi Raj, Member of the Third Lok Sabha; Shri Ramlal Rahi, Member of the Sixth, Seventh, Ninth and Tenth Lok Sabhas; Shri Radhika Ranjan Pramanik, Member of the Ninth to Thirteenth Lok Sabhas; Shri Satya Deo Singh, Member of the Sixth, Tenth and Eleventh Lok Sabhas; Shri Mohan Rawale, Member of the Tenth to Fourteenth Lok Sabhas; Shri Motilal Vora, Member of the Twelfth Lok Sabha; Shri Madan Lal Sharma, Member of the Fourteenth and Fifteenth Lok Sabhas; Shri Jamal Khwaja, Member of the Second Lok Sabha; and Sardar Buta Singh, Member of the Third to Fifth, Seventh, Eighth, Tenth, Twelfth and Thirteenth Lok Sabhas. The Speaker, on behalf of the House, also paid homage to the personnel of armed forces, para-military, police and Corona Warriors who sacrificed their lives maintaining unity and integrity of the country.

माननीय अध्यक्ष: माननीय सदस्यगण, मुझे अत्यंत दु:ख के साथ हमारे साथी श्री सुरेश अंगड़ी और 26 पूर्व साथियों के निधन के संबंध में सभा को सूचित करना है जिनके नाम हैं:-

श्रीराम विलास पासवान श्रीरामकृष्ण बी. पाटिल डॉ. हरि सिंह श्रीलीलाधरभाई के. वाघेला डॉ. ए. कलानिधि श्रीजसवंत सिंह श्रीराशिद मसूद श्रीकार्तिकेश्वर पात्रा श्रीसी.एम. चांग श्रीमहेश कुमार कनोडिया श्रीअबू आयेश मण्डल डॉ. महादीपक सिंह शाक्य श्रीमती चंद्रावती सरदार मोहिंदर सिंह गिल श्रीतरुण गोगोई श्रीअहमद पटेल श्रीमती किरण माहेश्वरी श्रीपृथ्वीराज श्रीरामलाल राही श्रीराधिका रंजन प्रमाणिक श्रीसत्य देव सिंह श्रीमोहन रावले श्रीमोतीलाल वोरा श्रीजमाल ख्वाजा श्रीमदन लाल शर्मा सरदार बूटा सिंह ।
  श्री सुरेश सी. अंगड़ी वर्तमान लोक सभा के सदस्य थे तथा रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री थे । उन्होंने 14वीं, 15वीं और 16वीं लोक सभा में कर्नाटक के बेलगाम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।           श्री अंगड़ी एक सक्षम सदस्य थे और आवास समिति के सभापति और वे विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य थे ।           श्री सुरेश सी. अंगड़ी का निधन नई दिल्ली में 23 सितंबर, 2020 को 65 वर्ष की आयु में हुआ ।           श्री राम विलास पासवान राज्य सभा के वर्तमान सदस्य थे और खाद्य, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण मंत्री थे ।           उन्होंने छठी, 7वीं, 9वीं, 11वीं, 12वीं, 13वीं, 14वीं और 16वीं लोक सभा में बिहार के हाजीपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया तथा 10वीं लोक सभा में बिहार के रोसड़ा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।           इससे पहले श्री पासवान वर्ष 2010 से 2014 तक राज्य सभा के सदस्य थे और वे श्रम और कल्याण, रेल, संसदीय कार्य, संचार, कोयला और खान, रसायन और उर्वरक तथा इस्पात मंत्रालय में मंत्री रहे । वे वर्ष 1969 से 1972 तक बिहार विधान सभा के भी सदस्य थे ।           उत्कृष्ट सांसद श्री राम विलास पासवान 11वीं लोक सभा में सदन के नेता थे तथा वे विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे । श्री पासवान जी का दीर्घ एवं व्यापक संसदीय अनुभव रहा । उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए इस वर्ष उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया ।           श्री राम विलास पासवान का निधन नई दिल्ली में 8 अक्‍टूबर, 2020 को 74 वर्ष की आयु में हुआ ।           श्री रामकृष्ण बी. पाटिल ने 12वीं लोक सभा में महाराष्ट्र के औरंगाबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।           वे कृषि संबंधी स्थायी समिति के सदस्य रहे ।
          इससे पहले श्री पाटिल दो कार्यकाल के लिए महाराष्ट्र विधान सभा के सदस्य थे । श्री रामकृष्ण बी. पाटिल का निधन औरंगाबाद में 2 सितंबर, 2020 को 84 वर्ष की आयु में हुआ । डॉ. हरि सिंह ने 11वीं लोक सभा में राजस्थान के सीकर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । 13.00 hrs   इससे पूर्व वे चार कार्यकाल के लिए राजस्थान विधान सभा के सदस्य थे तथा वे राजस्थान सरकार में लोक स्वास्थ्य और जल संसाधन विभाग के मंत्री थे । डॉ. हरि सिंह का निधन जयपुर में 11 सितम्बर, 2020 को 84 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री लीलाधरभाई के. वाघेला ने 16वीं लोक सभा में गुजरात के पाटन संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । श्री वाघेला विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य रहे । इससे पूर्व श्री वाघेला छह कार्यकाल के लिए गुजरात विधान सभा के सदस्य थे तथा वे गुजरात सरकार में पंचायती राज, उपभोक्ता मामले, कृषि, कारागार, श्रम और रोजगार तथा पशुपालन, मत्स्य पालन और सामाजिक आर्थिक रूप से पिछडा वर्ग कल्याण मंत्री रहे । श्री लीलाधरभाई के. वाघेला का निधन गुजरात के बनासकांठा में 16 सितम्बर, 2020 को 85 वर्ष की आयु में हुआ ।

डॉ. ए. कलानिधि ने 7वीं और 8वीं लोक सभा में तमिलनाडु के पूर्ववर्ती मद्रास सेन्ट्रल संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । डॉ. ए. कलानिधि का निधन चेन्नई में 18 सितम्बर, 2020 को 80 वर्ष की आयु में हुआ ।

          श्री जसवंत सिंह ने 9वीं लोक सभा में राजस्थान के जोधपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । वे 10वीं और 11वीं लोक सभा में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य रहे, जबकि 15वीं लोक सभा में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । वे 5 कार्यकाल के लिए राज्य सभा के सदस्य भी रहे ।

सक्षम सांसद श्री जसवंत सिंह को वर्ष 2001 में ‘उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार’ दिया गया । वे राज्य सभा में विपक्ष के नेता रहे तथा विभिन्न संसदीय समितियों के सभापति एवं सदस्य रहे ।     श्री जसवंत सिंह वित्त, विदेश, इलेक्ट्रॉनिक्स, भूतल परिवहन और रक्षा मंत्रालय में मंत्री रहे । उन्होंने पूर्व योजना आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया । पढ़ने में अत्यंत रुचि रखने वाले श्री जसवंत सिंह ने राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय सुरक्षा और राजनय पर कई पुस्तकें लिखीं । श्री जसवंत सिंह का निधन नई दिल्ली में27 सितम्बर, 2020 को 82 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री राशिद मसूद ने छठी, 7वीं, 9वीं, 10वीं और 14वीं लोक सभा में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । वे तीन कार्यकाल के लिए राज्य सभा के सदस्य भी रहे ।          श्री राशिद मसूद स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री रहे । वे विभिन्न समितियों के सदस्य भी रहे । श्री राशिद मसूद का निधन उत्तराखंड के रुड़की में 5 अक्तूबर, 2020 को 73 वर्ष की आयु में हुआ ।

डॉ. कार्तिकेश्वर पात्रा ने 10वीं लोक सभा में ओडिशा के बालासोर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । इससे पहले श्री पात्रा तीन कार्यकाल के लिए ओडिशा विधान सभा के सदस्य रहे । डॉ. कार्तिकेश्वर पात्रा का निधन बालासोर में 5 अक्टूबर, 2020 को 78 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री सी.एम. चांग ने 15वीं लोक सभा में नागालैण्ड के नागालैण्ड संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । इससे पहले श्री चांग नागालैण्ड विधान सभा में दो कार्यकाल के लिए सदस्य थे और वे नागालैण्ड सरकार में स्कूली शिक्षा, पर्यावरण, वन तथा संसदीय कार्य मंत्री रहे । श्री सी.एम. चांग का निधन नागालैण्ड के कोहिमा में 12 अक्तूबर, 2020 को 77 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री महेश कुमार कनोडिया ने 10वीं, 11वीं, 12वीं और 14वीं लोक सभा में गुजरात के पाटन संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । श्री कनोडिया विभिन्न संसदीय समितियों के सभापति और सदस्य रहे । श्री महेश कुमार कनोडिया का निधन गांधीनगर में 25 अक्तूबर, 2020 को 83 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री अबू आयेश मण्डल ने14वीं लोक सभा में पश्चिम बंगाल के कटवा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । श्री मण्डल जल संसाधन संबंधी समिति के सदस्य थे । श्री अबू आयेश मण्डल का निधन पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले में 6 नवम्बर, 2020 को 76 वर्ष की आयु में हुआ ।

डॉ. महादीपक सिंह शाक्य ने5वीं, छठी, 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं लोक सभा में उत्तर प्रदेश के एटा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । डॉ. शाक्य विभिन्न संसदीय समितियों के सभापति और सदस्य रहे ।

डॉ. महादीपक सिंह शाक्य का निधन आगरा में 10 नवंबर, 2020 को 98 वर्ष की आयु में हुआ ।

          श्रीमती चंद्रावती ने छठी लोक सभा में हरियाणा के भिवानी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।

श्रीमती चंद्रावती वर्ष 1954-57 के दौरान पूर्ववर्ती पटियाला एंड ईस्ट पंजाब स्टेट यूनियन लेज़िस्लेटिव असेंबली की सदस्य थीं । वह वर्ष 1962-67 के दौरान पंजाब विधान सभा और वर्ष 1968-1977 के दौरान हरियाणा विधान सभा की सदस्य थीं ।

उन्होंने पूर्ववर्ती पटियाला एंड ईस्ट पंजाब स्टेट यूनियन एंड पंजाब सरकार में संसदीय सचिव और उप-मंत्री के रूप में कार्य किया तथा वे हरियाणा सरकार में भी राज्य मंत्री रहीं ।

          श्रीमती चंद्रावती का निधन रोहतक में 15 नवंबर, 2020 को 92 वर्ष की आयु में हुआ ।

सरदार मोहिन्दर सिंह गिल ने 5वीं लोक सभा में पंजाब के फिरोजपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । वे दो कार्यकाल के लिए पंजाब विधान सभा के सदस्य थे और पंजाब सरकार में कृषि मंत्री भी रहे ।

सरदार मोहिन्दर सिंह गिल का निधन चंडीगढ़ में 17 नवंबर, 2020 को 84 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री तरुण गोगोई ने 5वीं, छठी और 7वीं लोक सभा में असम के जोरहाट संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया तथा उन्होंने 10वीं, 12वीं और 13वीं लोक सभा में असम के कालियाबोर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।

उत्कृष्ट सांसद श्री गोगोई खाद्य और फूड प्रोसेसिंग उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री रहे । वे असम विधान सभा के वर्तमान सदस्य थे और वे वर्ष 2001 से 2016 तक सबसे लंबे समय के लिए असम के मुख्य मंत्री रहे । उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए इस वर्ष उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया ।

श्री तरुण गोगोई का निधन असम के गुवाहाटी में 23 नवंबर, 2020 को 84 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री अहमद एम. पटेल ने छठी, 7वीं और 8वीं लोक सभा के दौरान गुजरात के भरूच संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । वे राज्य सभा के वर्तमान सदस्य थे और इससे पूर्व वर्ष 1993 से चार कार्यकाल के लिए राज्य सभा के सदस्य थे । श्री पटेल विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य रहे ।

श्री अहमद एम. पटेल का निधन हरियाणा के गुरुग्राम में 25 नवंबर, 2020 को 71 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्रीमती किरण माहेश्वरी ने 14वीं लोक सभा में राजस्थान के उदयपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधत्व किया ।

श्रीमती किरण माहेश्वरी राजस्थान विधान सभा की वर्तमान सदस्य थीं और वे इससे पूर्व इस विधान सभा की दो बार सदस्य रह चुकी थीं । वे राजस्थान सरकार में जल संसाधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री भी थीं ।

श्रीमती किरण माहेश्वरी का निधन 30 नवंबर, 2020 को हरियाणा के गुरुग्राम में 59 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री पृथ्वीराज ने तीसरी लोक सभा में राजस्थान के दौसा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । श्री पृथ्वीराज का निधन 2 दिसंबर, 2020 को जयपुर में 85 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री रामलाल राही उत्तर प्रदेश के मिश्रिख संसदीय क्षेत्र से छठी, 7वीं, 9वीं और 10वीं लोक सभा के सदस्य थे ।

श्री रामलाल राही ने गृह मंत्रालय में उप मंत्री के रूप में कार्य किया । इससे पहले वे दो कार्यकाल के लिए उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य भी रहे ।

श्री रामलाल राही का निधन 10 दिसंबर, 2020 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में 82 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री राधिका रंजन प्रमाणिक पश्चिम बंगाल के मथुरापुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं और 13वीं लोक सभा के सदस्य थे । श्री प्रमाणिक विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे । इससे पहले श्री प्रमाणिक सात कार्यकाल के लिए पश्चिम बंगाल विधान सभा के सदस्य रहे ।

श्री राधिका रंजन प्रमाणिक का निधन 13 दिसंबर, 2020 को कोलकाता में 88 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री सत्य देव सिंह उत्तर प्रदेश के बलरामपुर संसदीय क्षेत्र से छठी, 10वीं और 11वीं लोक सभा के सदस्य थे । श्री सत्य देव सिंह विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य रहे ।

श्री सत्य देव सिंह का निधन 16 दिसंबर, 2020 को गुरुग्राम में 75 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री मोहन रावले महाराष्ट्र के मुंबई दक्षिण मध्य संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 10वीं, 11वीं, 12वीं, 13वीं और 14वीं लोक सभा के सदस्य थे । श्री मोहन रावले लोक सभा की विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य थे ।

श्री मोहन रावले का निधन 19 दिसंबर, 2020 को गोवा में 72 वर्ष की आयु में हुआ ।

          श्री मोतीलाल वोरा अविभाजित मध्य प्रदेश (अब छत्तीसगढ़ में) के राजनंदगांव संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 12वीं लोक सभा के सदस्य थे ।

          श्री मोतीलाल वोरा चार कार्यकाल के लिए राज्य सभा के सदस्य थे । उन्होंने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण तथा नागरिक उड्डयन मंत्री के रूप में भी कार्य किया । इससे पहले श्री वोरा वर्ष 1972 से वर्ष 1992 तक छह कार्यकाल के लिए मध्य प्रदेश विधान सभा के सदस्य भी रहे और दो कार्यकाल के लिए मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री रहे । वह वर्ष 1993 से वर्ष 1996 तक उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रहे ।

          श्री मोतीलाल वोरा का निधन 21 दिसंबर, 2020 को नई दिल्ली में 92 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री मदन लाल शर्मा जम्मू और कश्मीर के जम्मू संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से 14वीं और 15वीं लोक सभा के सदस्य थे ।

          श्री मदन लाल शर्मा विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य थे । वे तीन कार्यकाल के लिए जम्मू और कश्मीर विधान सभा के सदस्य थे और जम्मू और कश्मीर सरकार में निर्माण कार्य मंत्री और शिक्षा राज्य मंत्री रहे ।

          श्री मदन लाल शर्मा का निधन 23 दिसंबर, 2020 को जम्मू में 66 वर्ष की आयु में हुआ ।

श्री जमाल ख्वाजा दूसरी लोक सभा के सदस्य थे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।

          श्री जमाल ख्वाजा का निधन अलीगढ़ में 24 दिसंबर, 2020 को 94 वर्ष की आयु में हुआ ।

सरदार बूटा सिंह तीसरी लोक सभा के सदस्य थे, जिन्होंने पंजाब के मोगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया । उन्होंने चौथी, 5वीं और 7वीं लोक सभा में पंजाब के रोपड़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का तथा 8वीं, 10वीं, 12वीं और 13वीं लोक सभा में राजस्थान के जालौर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया ।

          सरदार बूटा सिंह ने संसदीय कार्य, खेल और निर्माण कार्य और आवास, कृर्षि और ग्रामीण विकास, गृह, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले और सार्वजनिक वितरण तथा संचार मंत्रालयों में मंत्री के रूप में कार्य किया । उन्होंने भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में राज्य मंत्री और उप मंत्री के रूप में भी कार्य किया । वे विभिन्न संसदीय समितियों के सभापति एवं सदस्य भी रहे ।

          सरदार बूटा सिंह का निधन 2 जनवरी, 2021 को नई दिल्ली में 86 वर्ष की आयु में हुआ ।

          हम अपने साथियों में से एक और 26 पूर्व साथियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं । यह सभा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती है ।

          यह सभा देश की एकता और अखंडता की रक्षा में वीरगति को प्राप्त हुए सशस्त्र सेना, अर्धसैनिक बलों के सभी वीर सैनिकों और पुलिस बल के बहादुर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करती है ।

          अंत में, सदन सभी कोरोना योद्धाओं को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता है । इन सभी पुण्यात्माओं को हमारा नमन है ।

          अब यह सभा दिवंगत आत्माओं के सम्मान में थोड़ी देर के लिए मौन रहेगी ।

13.10 hrs. The Members then stood in silence for a short while.

माननीय अध्यक्ष : ऊँ शांति: शांति: शांति: ।

 

…( व्यवधान)

13.12 hrs At this stage, Shri Ravneet Singh and some other hon. Members came and stood on the floor near the Table.