Lok Sabha Debates
Need To Start A Superfast Train From Ranchi To Ernakulam Via Chennai. on 25 July, 2016
Sixteenth Loksabha an> Title: Need to start a superfast train from Ranchi to Ernakulam via Chennai.
श्री राम टहल चौधरी (राँची) : माननीय अध्यक्ष महोदया, मैं एक अति लोक महत्त्व के प्रश्न को आपके माध्यम से उठाना चाहता हूँ।
मैं आपके माध्यम से माननीय रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु जी का ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूँ। मेरे लोक सभा क्षेत्र राँची के भ्रमण के दौरान उन्होंने घोषणा की थी कि राँची से एर्नाकुलम वाया काटपाड़ी, भेलौर, चेन्नई होते हुए एक सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चलायी जाएगी। उनके द्वारा की गयी घोषणा के लगभग दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब राँची-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन नहीं शुरू की गयी है। जबकि रेल मंत्री जी के निदेशानुसार हटिया और राँची के मंडल रेल प्रबंधकों द्वारा इसका प्रस्ताव भी रेल मंत्रालय को भेजा जा चुका है। रेल मंत्री जी के द्वारा राँची-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन की समय-सारणी की भी घोषणा की जा चुकी है, जिसे अखबारों में भी प्रकाशित किया गया है। ट्रेन की घोषणा करके उसे शुरू नहीं करने से आम जनता में सरकार के प्रति गलत संदेश जा रहा है। इस ट्रेन के शुरू नहीं होने के कारण मेरे लोक सभा क्षेत्र की आम जनता में काफी आक्रोश है क्योंकि इस ट्रेन को शुरू करने की घोषणा की जा चुकी थी। हजारों लोग इलाज व अन्य उद्देश्यों से उन स्थानों पर जाते हैं। रेल मंत्री जी ने इस ट्रेन को शुरू करने की घोषणा की थी और उसे सप्ताह में एक दिन चलाने की बात मैंने पर्सनली भी की थी। मगर अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हो पायी है।
इसलिए आपके माध्यम से रेल मंत्री जी से मेरा आग्रह है कि वे अपनी घोषणा के अनुसार इस ट्रेन को जल्दी शुरू करें।
माननीय अध्यक्ष : सर्वश्री भैंरो प्रसाद मिश्र, विष्णु दयाल राम, विद्युत बरण महतो और कुँवर पुष्पेन्द्र सिंह चन्देल को श्री राम टहल चौधरी द्वारा उठाये गये विषय से संबद्ध करने की अनुमति प्रदान की जाती है।