Lok Sabha Debates
Regarding Reported Loss Of Files Relating To Allocation Of Coal Blocks. on 3 September, 2013
> Title: Regarding reported loss of files relating to allocation of coal blocks.
MADAM SPEAKER: Shrimati Sushma Swaraj.
श्रीमती सुषमा स्वराज (विदिशा):अध्यक्ष जी, हमारी ओर से सांसद श्री हंसराज अहीर के द्वारा एक स्थगन प्रस्ताव आपको दिया गया है। ...( व्यवधान) अध्यक्ष महोदया : आप उनकी जगह बोल रही हैं।
…( व्यवधान)
श्रीमती सुषमा स्वराज :आपको याद होगा कि इसी सत्र के दौरान जब कोयला ब्लॉक से संबंधित फाइलों के गायब होने का मामला उठा था, तो मैंने उस विषय को यहां उठाया था और प्रधानमंत्री जी से यहां आकर वक्तव्य देने की मांग की थी। उस समय माननीय संसदीय कार्य मंत्री उठे थे और उन्होंने यह कहा था कि कोयला मंत्री जी इस पर वक्तव्य दे दें, उसके बाद आप चर्चा की मांग कर लें और उसमें प्रधानमंत्री जी स्वयं इंटरवीन करेंगे। ...( व्यवधान) उनकी यह बात सुनकर हम शांत होकर बैठ गये थे और सदन की कार्यवाही आगे चलने लगी थी। कार्यवाही कैसे चली, यह आपको मालूम है। हमने रात के दस-दस बजे तक बैठकर खाद्य सुरक्षा विधेयक पारित किया, हमने भूमि-अर्जन विधेयक पारित किया। लगातार कार्यवाही चलती रही और बिल पारित होते रहे। लेकिन अध्यक्ष जी, हमें आज यह जानकारी मिली है कि कल प्रधानमंत्री जी जी-20 की बैठक के लिए विदेश जा रहे हैं। इसलिए केवल आज का दिन बचा है, उस आश्वासन की पूर्ति के लिए जो सदन में खड़े होकर कोयला मंत्री जी ने दिया था। इसी बीच में सुप्रीम कोर्ट की इतनी बड़ी फटकार सरकार को लगी है, उन्होंने दो टिप्पणियां कीं। एक तो यह कहा कि अगर फाइलें गायब हो गयीं, तो एफ.आई.आर. दर्ज़ क्यों नहीं करायी गयी? दूसरी टिप्पणी तो उससे भी भयंकर थी। उन्होंने कहा कि फाइलें गायब हुई हैं या यह कवर-अप ऑपरेशन है? यह कवर-अप करने के लिए है। ...( व्यवधान) इसलिए मेरा आपसे अनुरोध है कि हमारे सांसद श्री हंसराज अहीर द्वारा दिया गया प्रस्ताव आप स्वीकार करें और बाकी सारी चीज़ों को पीछे करके उस पर चर्चा कराएं। श्री प्रकाश जायसवाल वक्तव्य दें, हम उस पर डिबेट करें और प्रधानमंत्री जी स्वयं आकर इंटरवीन करें। वरना यह सत्र छः तारीख को समाप्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री जी उपलब्ध नहीं हो सकेंगे। हमारे पास केवल आज का दिन है। मैं सदन के अपने अन्य साथियों से भी कहूंगी कि बाकी अन्य विषयों को छोड़कर आज हम कोयले से संबंधित फाइलों के ऊपर बात करें। प्रधानमंत्री जी यहां आएं और यह चर्चा यहां हो। हमारा स्थगन प्रस्ताव आप मंज़ूर करें, यह मेरा अनुरोध है।…( व्यवधान) SHRI T.R. BAALU (SRIPERUMBUDUR): I have given notice for a discussion under Rule 193 on Centre’s stand on Katchatheevu.… (Interruptions) 11.05 hrs At this stage, Dr. Ram Chandra Dome and some other hon. Members came and stood on the floor near the Table.
… (Interruptions)
अध्यक्ष महोदया : आप लोग बैठ जाइए।
श्री शरद यादव ।
…( व्यवधान)
श्री शरद यादव (मधेपुरा):अध्यक्ष जी, यह हालत बोलने लायक नहीं है।...( व्यवधान)
11.06 hrs At this stage, Dr. Ram Chandra Dome and some other hon. Members went back to their seats.
… (Interruptions)
अध्यक्ष महोदया : आप लोग बैठ जाइए।
शरद यादव जी, अब बोलिए।