Lok Sabha Debates
Problems Being Faced By Mobile Customers Due To Unsolicited Phone Calls And Sms. on 24 March, 2011
> Title: Problems being faced by mobile customers due to unsolicited phone calls and SMS.
श्रीमती सुमित्रा महाजन (इन्दौर): अध्यक्ष महोदया, मैं एक बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा उठाना चाहती हूं और यह सामान्य जनता के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। मैं मोबाइल सर्विसिस के मामले में बीएसएनएल की स्थिति की चर्चा नहीं करना चाहती हूं। जिनके पास मोबाइल हैं, इनमें अनचाहे एसएमएस आते हैं। कई बार अनचाहे कॉल्स भी आते हैं, हम डीएनडी भी करते हैं कि यह हमें नहीं चाहिए तो भी आते रहते हैं। मुझे नहीं मालूम, शायद सब लोग इस प्रकार का अनुभव करते होंगे कि कई एसएमएस तो ऐसे होते हैं जिन्हें कोई पढ़ना भी नहीं चाहता है, जैसे चैटिंग करनी हो तो वे कहते हैं कि हम दे देंगे। बिकनी गर्ल के फोटो इत्यादि के लिए अलग-अलग तरह के एसएमएस आते रहते हैं। वास्तव में मोबाइल हमारा है, हम पे करते हैं, स्क्रीन हमारा है। अगर किसी के घर पर अगर कोई अपनी एडवर्टाइजमेंट लगाता है तो उसे पे करना होता है। हमारा मोबाइल है, उस पर वे अपनी एडवर्टाइजमेंट देते हैं कि यहां फ्लैट उपलब्ध हैं, इसके अलावा और भी कई तरह के मैसेज होते हैं, हमें नहीं चाहिए लेकिन ये आते रहते हैं। अगर हम किसी रिएल्टी शो में कॉल करते हैं तो पांच रुपए लगते है। इस प्रकार के एसएमएस मोबाइल पर आते हैं या कई बार रोमिंग पर ऐसी कई कॉल्स आती हैं कि क्या लोन चाहिए जबकि इस तरह के अनवांटेड कॉल्स से हमारा कोई संबंध नहीं होता है। मेरा सुझाव है कि इस प्रकार के एसएमएस या कॉल्स के लिए कहीं न कहीं हमारे मोबाइल, स्क्रीन का यूज होता है, नियमों का पालन होता नहीं है इसलिए ऐसा नियम बनना चाहिए कि मोबाइल धारक के मोबाइल पर अनवांटेड एसएमएस आता है तो उस व्यक्ति को किराया डायरेक्टली जाना चाहिए, चाहे वह एक, दो या पांच रुपए ही हों, ऐसा होने से एसएमएस या कॉल्स बंद हो जाएंगे। यह एक प्रकार की एडवर्टाइजमेंट है। मेरा निवेदन है कि इस पर मंत्रालय को सोचना चाहिए। इस तरह के एसएमएस टोटली बंद नहीं होते हैं, अगर इस तरह से करेंगे तो मोबाइल धारक को किराया प्राप्त होगा। मेरा निवेदन है कि इस प्रकार का कोई नियम बनाएंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा।
अध्यक्ष महोदया : श्री प्रहलाद जोशी, श्री बी.वाई. राघवेन्द्र, श्री पी.सी. गद्दीगौदार, श्रीमती जे. शांता, श्रीमती पूनम वेलजीभाई जाट को माननीय सदस्या द्वारा उठाए गए मामले के साथ संबद्ध किया जाता है।