Lok Sabha Debates
Regarding Crop Insurance Scheme. on 24 April, 2015
Sixteenth Loksabha an> Title: Regarding Crop Insurance Scheme.
कुँवर पुष्पेन्द्र सिंह चन्देल (हमीरपुर): महोदय, मैं आज किसानों के एक बहुत महत्वपूर्ण विषय को आपके समक्ष रखने जा रहा हूं। बुंदेलखंड क्षेत्र में बीमा कम्पनियां जो किसानों की फसल का बीमा करती हैं, उन लोगों ने लूट मचा रखी है। बीमा कम्पनियों ने आपस में मिलकर योजना बनाकर यह प्रदर्शित किया कि वहां कोई बीमा कम्पनी नहीं आना चाहती। एक मात्र बीमा कम्पनी ने वहां टैंडर डाला। उसने फसल का मूल्य कम लगाया और प्रीमियम बढ़ाकर लिया। बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारे संसदीय क्षेत्र हमीरपुर, महोबा, तिन्दवारी में लगभग 3 लाख किसानों ने बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया हुआ है। खरीफ की फसल में लगभग 65 हजार किसानों की 98 हजार हेक्टेयर भूमि जिसका बीमा 75 करोड़ रुपये का किसानों द्वारा स्वयं कराया गया और हमारे किसानों ने सूखे और परेशानी के समय में 5 करोड़ रुपये प्रिमियम देकर 75 करोड़ रुपये की बीमा कराया। यह दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी तक बीमा कम्पनियों ने उनको कोई भी भुगतान नही दिया। अनेक प्रकार की कठिनाइयां हैं। जब भी बात की जाती है, वे बैंक के अधिकारियों और रिवैन्यू डिपार्टमैंट के लोगों से मिलकर गलत रिपोर्टिंग करके किसानों का शोषण करते हैं। मेरा आपके माध्यम से किसान हितैषी भारत सरकार और अन्नदाताओं, किसानों, मजदूरों के हितैषी प्रधान मंत्री भारत के गौरव श्री नरेन्द्र मोदी जी से निवेदन है। मुझे विश्वास है कि निश्चित रूप से बुंदेलखंड के किसानों को शीघ्रातिशीघ्र न्याय दिलवाने की कृपा करें।