Lok Sabha Debates
Issue Pertaining To Land Acquisition For Bullet Train Corridor Project. on 21 November, 2019
Seventeenth Loksabha > Title: Issue pertaining to land acquisition for Bullet train corridor project.
श्री मितेश पटेल (बकाभाई) (आनंद): महोदय, आपने मुझे बोलने का समय दिया, इसके लिए आपका धन्यवाद ।
जैसा कि आप अवगत होंगे कि माननीय प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान के प्रधान मंत्री शिंजो आबे ने सितम्बर, 2017 में 508 किलोमीटर लंबे 12 स्टेशन वाले अहमदाबाद से मुम्बई के बीच बुलेट ट्रेन कॉरिडोर परियोजना की शुरूआत की थी । इनमें से एक स्टेशन मेरे संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आनंद भी है । क्षेत्रवासियों की तरफ से मैं माननीय प्रधान मंत्री जी का इस सौगात के लिए आभार और धन्यवाद करता हूँ ।
महोदय, मैं माननीय रेल मंत्री जी का ध्यान आकृष्ट करना चाहता हूँ कि इस प्रोजेक्ट हेतु अधिग्रहीत जमीन के मुआवजे की प्रक्रिया न्यायसंगत नहीं है । प्रोजेक्ट की वजह से जो उद्योग स्थान्तरित या नष्ट हुए हैं, उनकी पूरी जमीन अधिग्रहीत नहीं की जा रही है, जबकि भू-स्वामी पूरी जमीन देने को तैयार हैं । प्रशासन को जितनी जमीन चाहिए, वह उतनी ही जमीन ले रहा है, जबकि अधिग्रहण के चलते उद्योगों की पूरी जमीन खराब या नष्ट हो रही है । मेरा एक आग्रह है कि उद्योगों की पूरी जमीन ली जानी चाहिए ।
मैं माननीय रेल मंत्री जी से आग्रह करना चाहता हूँ कि संबंधित प्रशासन को निर्देश दिया जाए कि भूमि अधिग्रहण की वजह से खत्म हुए उद्योगों की पूरी जमीन अधिग्रहीत की जाए, जिससे भू-स्वामियों को उचित मुआवजा मिल सके । धन्यवाद ।