Lok Sabha Debates
The Speaker Made References To The Passing Away Of Shri Roshan Lal, Member, 10Th ... on 26 November, 2015
Sixteenth Loksabha an> title: The Speaker made references to the passing away of Shri Roshan Lal, member, 10th Lok Sabha; Shri K. Parasuraman, member, 11th Lok Sabha; Shri Radhey Shyam Kori, member, 14th Lok Sabha; Shri A. Venkatesh Naik, member, 10th, 12th 13th and 14th Lok Sabhas; Shri Raghuvir Singh Kaushal, member, 13th and 14th Lok Sabhas; Shri Vishwanath Das Shastri, member, 10th Lok Sabha; Shri Mitrasen Yadav, member, 9th, 12th and 14th Lok Sabhas; Shri Balkrishna Wasnik, member, 2nd, 3rd and 7th Lok Sabhas; Shri Sadhan Gupta,member, 1st and 2nd Lok Sabhas; Shri Rudra Pratap Singh, member, 5th Lok Sabha; Shri B.D. Singh, member, 7th Lok Sabha; Shri Parasram Bhardwaj, member, 7th to 12th Lok Sabhas; and Dr. Parshuram Gangwar, member, 10th Lok Sabha. She also made references to the 7th anniversary of the violent terrorist attack in Mumbai and also paid tribute to the innocents, who lost their lives or were injured on 26th November, 2008.
माननीय अध्यक्ष : माननीय सदस्यगण, मुझे सभा को तेरह पूर्व सदस्यों श्री रोशन लाल, श्री के परशुरामण, श्री राधे श्याम कोरी, श्री ए. वेंकटेश नायक, श्री रघुवीर सिंह कौशल, श्री विश्वनाथ दास शास्त्री, श्री मित्रसेन यादव, श्री बालकृष्ण वासनिक, श्री सधन गुप्ता, श्री रुद्रप्रताप सिंह, श्री बी.डी. सिंह, श्री परसराम भारद्वाज और डॉ. परशुराम गंगवार के दुःखद निधन के बारे में सूचित करना है।
श्री रोशन लाल उत्तर प्रदेश के खुर्जा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 10वीं लोक सभा के सदस्य थे। वे विदेशी मामलों संबंधी समिति और लाभ के पदों संबंधी संयुक्त समिति के सदस्य रहे। श्री रोशन लाल का निधन 85 वर्ष की आयु में 24 मई, 2015 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ।
श्री के. परशुरामण तमिलनाडु के चेंगलपट्टु संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 11वीं लोक सभा के सदस्य थे। वे रेल संबंधी समिति के सदस्य रहे। श्री के. परशुरामण ने दलितों के उत्थान और समाज के कमजोर वर्गों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया।
श्री के. परशुरामण का निधन 80 वर्ष की आयु में 6 अगस्त, 2015 को चेन्नई में हुआ।
श्री राधे श्याम कोरी उत्तर प्रदेश के घाटमपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 14वीं लोक सभा के सदस्य थे। श्री कोरी वाणिज्य संबंधी समिति के सदस्य रहे। इससे पूर्व श्री कोरी दो बार उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य थे। वे वर्ष 1997 से 2002 तक उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री भी रहे।
श्री राधे श्याम कोरी का निधन 76 वर्ष की आयु में 12 अगस्त, 2015 को कानपुर में हुआ।
श्री ए. वेंकटेश नायककर्नाटक के रायचुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 10वीं, 12वीं, 13वीं, 14वीं लोक सभा के सदस्य थे।
अपने देहावसान के समय श्री नायक कर्नाटक विधान सभा के वर्तमान सदस्य थे। एक सुयोग्य संसदविद के रूप में श्री नायक गृह कार्य संबंधी, रक्षा संबंधी समिति, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन संबंधी तथा सरकारी आश्वासनों संबंधी समिति के सदस्य थे।
श्री ए. वेंकटेशन नायक का निधन 79 वर्ष कीआयुमें 24 अगस्त, 2015 को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा में एक रेल दुर्घटना में हुआ।
श्री रघुवीर सिंह कौशल राजस्थान के कोटा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 13वीं और 14वीं लोक सभा के सदस्य थे।
एक सुयोग्य संसदविद के रूप में श्री कौशल ने विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य के रूप में कार्य किया। इससे पूर्व श्री कौशल चार बार राजस्थान विधान सभा के सदस्य थे। उन्होंने वर्ष 1993 से 1998 तक राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया।
श्री रघुवीर सिंह कौशल का निधन 82 वर्ष की आयु में 24 अगस्त, 2015 को कोटा में हुआ।
श्री विश्वनाथ दास शास्त्री उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 10वीं लोक सभा के सदस्य थे। श्री शास्त्री परिवहन और पर्यटन संबंधी समिति के सदस्य रहे।
श्री विश्वनाथ शास्त्री का निधन 65 वर्ष की आयु में 24 अगस्त, 2015 को दिल्ली में हुआ। श्री मित्रसेन यादवउत्तर प्रदेश के फैजाबाद संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 9वीं, 12वीं और 14वीं लोक सभा के सदस्य थे।
वे कृषि संबंधी, ग्रामीण विकास संबंधी समिति तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी और वन संबंधी समिति के सदस्य रहे। श्री यादव ने पांच बार उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। पेशे से कृषक श्री यादव ने भूमि सुधार आंदोलनों में सक्रिय रूप से भाग लिया और उत्तर प्रदेश में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं की स्थापना की।
श्री मित्रसेन यादव का निधन 81 वर्ष की आयु में 7 सितम्बर, 2015 को लखनऊ में हुआ।
श्री बालकृष्ण वासनिकतत्कालीन बम्बई राज्य के भण्डारा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र तथा महाराष्ट्र के गोंदिया और बुलढाणा संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए क्रमश: दूसरी, तीसरी और सातवीं लोक सभा के सदस्य थे।
श्री वासनिक ने लोक सभा में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य के रूप में कार्य किया। उन्होंने विभिन्न व्यवसाय संघों, शैक्षणिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों में सक्रिय योगदान देते हुए समाज के दलित-शोषित और पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया।
श्री बालकृष्ण वासनिक का निधन 86 वर्ष की आयु में 10 सितम्बर, 2015 को नागपुर में हुआ।
श्री सघन गुप्ता पश्चिम बंगाल के तत्कालीन कलकत्ता दक्षिण-पूर्व और कलकत्ता पूर्व संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए पहली और दूसरी लोक सभा के सदस्य थे।
श्री गुप्ता हमारे देश के पहले दृष्टि बाधित सांसद थे, साथ ही वे पश्चिम बंगाल के पहले भिन्न रूप से सक्षम महाधिवक्ता भी थे। वे नेशनल फेडरेशन ऑफ द ब्लाइंड के संस्थापक अध्यक्ष होने के साथ साथ“डिसएबल्ड पीपल्स इंटरनेशनल” के इंडियन चैप्टर के पहले अध्यक्ष भी थे।
श्री गुप्ता ने पश्चिम बंगाल विधान सभा के सदस्य के रूप में भी कार्य किया।
श्री सघन गुप्ता का निधन 98 वर्ष की आयु में 19 सितम्बर, 2015 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ।
श्री रुद्रप्रताप सिंहउत्तर प्रदेश के बाराबंकी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 5वीं लोक सभा के सदस्य थे।
श्री सिंह 1980 से 1992 तक राज्य सभा के दो बार सदस्य रहे। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान सभा और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। श्री रुद्र प्रताप सिंह का निधन 79 वर्ष की आयु में 8 अक्टूबर, 2015 को लखनऊ में हुआ।
श्री बी.डी.सिंह उत्तर प्रदेश के फूलपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 7वीं, लोक सभा के सदस्य थे।
वे सभा की बैठकों से सदस्यों की अनुपस्थिति संबंधी समिति के सदस्य थे।
श्री बी.डी.सिंह का निधन 78 वर्ष की आयु में 14 अक्टूबर, 2015 को इलाहाबाद में हुआ।
श्री परसराम भारद्वाजमध्य प्रदेश के सारनगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 7वीं से 12वीं लोक सभा के सदस्य थे।
अपने लंबे और यशस्वी संसदीय कार्यकाल के दौरान श्री भारद्वाज ने 10वीं लोक सभा के दौरान अनुसूचित जातियों तथा अनुसूचित जनजातियों के कल्याण संबंधी समिति के सभापति के रूप में कार्य किया।
श्री भारद्वाज ने समाज के पिछड़े और हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान के लिए कार्य किया।
श्री परसराम भारद्वाज का निधन 67 वर्ष की आयु में 19 अक्तूबर, 2015 को छत्तीसगढ़ के जांजगीर में हुआ।
डॉ. परशुराम गंगवारउत्तर प्रदेश के पीलीभीत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए 10वीं लोक सभा के सदस्य थे।
डॉ. गंगवार प्राक्कलन समिति, कृषि संबंधी समिति और सभा पटल पर रखे गए पत्रों संबंधी समिति के सदस्य रहे।
डॉ. गंगवार का निधन 78 वर्ष की आयु में 29 अक्टूबर, 2015 को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में हुआ।
हम अपने पूर्व साथियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं और मैं अपनी ओर से तथा सभा की ओर से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं।
माननीय सदस्यगण, जैसा कि आप सभी को विदित है, मुम्बई में हुए हिंसक आतंकी हमले की आज सातवीं बरसी है। यह सभा 26 नवम्बर, 2008 को हुए इस हमले में मारे गए और गंभीर रूप से घायल होने वाले निर्दोष लोगों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
नवंबर, 2009 में आज ही के दिन सभा ने आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया था।
आज हम एक बार पुन: प्रतिज्ञा करते हैं कि हम आतंकवादी ताकतों को अपने देश से और पूरे विश्व से जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए और अधिक संकल्प एवं शक्ति के साथ एकजुट होकर मुकाबला करेंगे। यह सभा मुम्बई के आतंकवादी हमले का मुकाबला करने में हमारे बहादुर सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस, शूरवीरता एवं नि:स्वार्थ सेवा को पुन: स्मरण करती है। सभा इस हमले के शिकार हुए लोगों के परिवारों और उनके संबंधियों के साथ है।
अब सभा दिवंगत आत्माओं के सम्मान में कुछ क्षण के लिए मौन खड़ी होगी।
11.12 hours The Members then stood in silence for short while.
11.15 hours