Lok Sabha Debates
Need For Speedy Environment Clearance For Regional Development In Shahjanpur ... on 10 June, 2014
an> Title: Need for speedy environment clearance for regional development in Shahjanpur Parliamentary Constituency in Uttar Pradesh.
श्रीमती कृष्णा राज (शाहजहाँपुर): सभापति महोदय,आपने मुझे अपने संसदीय क्षेत्र के अविलम्बनीय महत्व के प्रश्न को शून्य काल में उठाने का अवसर दिया,इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत आभार व्यक्त करती हूं। पूरे देश में पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए छोटे-छोटे पेड़-पौधों का कटान न होने के कारण देश की 70 हजार में से 30 ऐसी परियोजनाएं आज भी लम्बित पड़ी हैं,जिनकी वजह से सारा कार्य अधूरा पड़ा है और विकास का कार्य भी ठप पड़ा है। मेरे अपने संसदीय क्षेत्र में पूर्व में एनएच-24पर बहुत ही पुराना एक सेतु का निर्माण हो रहा है। लेकिन मात्र 10-12 पौधों की वजह से वन विभाग ने अपनी फीस लाखों रुपये में जमा कराने के बावजूद पेड़ों के कटान पर प्रतिबंध लगा रखा है। वे पेड़ भी नहीं हैं,बल्कि पौधे जैसे हैं,जिनकी वजह से हमारे संसदीय क्षेत्र के लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है। अभी माननीय सड़क परिवहन मंत्री जी ने भी इसमें शिथिलता की बात कही है। हमारे प्रधान मंत्री,श्री नरेन्द्र भाई मोदी जी ने भी सारे विभागों को एक करके इस कठिनाई को दूर करने का अच्छा प्रयास किया।
मेरी आपके माध्यम से केन्द्र सरकार से विनती है कि मेरे क्षेत्र में जो पुराने पुल का कार्य लम्बित पड़ा है,वहां पेड़ काटने की अनुमति प्रदान करके शीघ्र ही पुल का निर्माण प्रारम्भ करके कार्य पूर्ण किया जाए।
इसके अलावा मैं सदन को बताना चाहती हूं कि हमारे जनपद में नेपाल की पहाड़ी से कभी-कभी तीन से चार लाख क्यूसेक तक पानी छोड़ दिया जाता है,जिसकी वजह से भी वहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त होता है। वहां के निवासियों के आवागमन के लिए मात्र एक पुल है,वही इधर से उधर जाने का इकलौता साधन है। मेरी आपसे विनती है कि वहां जो छोटे-छोटे पेड़-पौधे हैं,उन्हें बड़ा वृक्ष बताकर वन विभाग ने काम अवरुद्ध कर रखा है,अतः इन्हें काटने की शीघ्र अनुमति प्रदान करें। जिससे मूल निर्माण का कार्य शीघ्र-अतिशीघ्र पूर्ण हो सके।