Lok Sabha Debates
Shri Nitin Gadkari Minister Of Road Transport And Highway And Shipping Made A ... on 22 April, 2015
Sixteenth Loksabha an> Title: Shri Nitin Gadkari Minister of Road Transport and Highway and Shipping made a personal explanation regarding certain remarks made b y Shri Rahul Gandhi on 20th April, 2015.
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री तथा पोत परिवहन मंत्री (श्री नितिन गडकरी) : माननीय अध्यक्ष महोदया,आपने मुझे नियम 357 के अंतर्गत वैयक्तिक स्पष्टीकरण करने का अवसर दिया है,इसके लिए मैं आभारी हूं।
महोदया, 20 अप्रैल, 2015 को इस सदन में सम्मानित सदस्य श्री राहुल गांधी जी ने लोक सभा के नियम 193 के तहत कृषि संबंधी विषय पर बोलते हुए मेरे बारे में कहा कि मैंने यहां कहा है कि किसान को न भगवान पर और न इस सरकार पर भरोसा करना चाहिए। यह पूरी बात रिकॉर्ड पर है। मैं इस सन्दर्भ में स्पष्ट करना चाहूंगा कि उनके द्वारा संसद में मेरे बारे में गलत बताया गया था। मैंने 10 अप्रैल, 2015 को अमरावती में आयोजित कृषि विकास प्रदर्शनी व कार्यशाला में भाषण दिया था। अपने भाषण में मैंने कहा था कि किसानों पर लगातार संकटों का सिलसिला जारी है,लेकिन किसानों को हताश और निराश नहीं होना चाहिए और न ही आत्महत्या करने का रास्ता अपनाना चाहिए। किसानों को उत्पादन बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए और इसके लिए किसान आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग करें,केवल सरकार और भगवान के भरोसे न बैठें। सरकार अपना काम कर रही है,लेकिन किसानों को भी कृषि क्षेत्र में हो रहे नए-नए प्रयोगों एवं तकनीकों को अपनाना चाहिए। किसान नए प्रयोग एवं तकनीक के जरिए अपना आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान कर सकते हैं। मैं स्वयं अपने क्षेत्र में किसानों के साथ मिलकर कृषि को स्वयं-समृद्ध बनाने के लिए कई नए प्रयोग करता रहता हूं। ...(व्यवधान)किसी भी मराठी मीडिया में,वहां पर यह बात आई नहीं,केवल दिल्ली के एक न्यूज चैनल ने इसे दिखाया। उसके आधार पर सम्मानित सदस्य ने यह बात कही।...(व्यवधान)
श्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया (गुना) : मराठी न्यूज मीडिया में भी यह बात आई है।...(व्यवधान)
श्री नितिन गडकरी : बिल्कुल नहीं आई है। मैं आपको बताऊं।...(व्यवधान)
माननीय अध्यक्ष : प्लीज,आपस में बात नहीं करें।
गडकरी जी,आपस में चर्चा नहीं करनी है।
श्री नितिन गडकरी : स्पीकर महोदया,यह बात पूरी तरह से स्पष्ट है। मुझे लगता है कि अगर मैं ऐसी बात कहता तो उसके लिए डरता नहीं,लेकिन गलत बात नहीं कहनी चाहिए। यही मैं कह रहा हूं।...(व्यवधान)
माननीय अध्यक्ष : ठीक है।
...(व्यवधान)
माननीय अध्यक्ष:रेफरेंस टू कांटेक्स्ट होता है,इतनी सी बात है। अब आप बैठ जाएं।
श्री राजीव प्रताप रूडी।
12.05 hrs. MOTION RE: SIXTEENTH REPORT OF BUSINESS ADVISORY COMMITTEE