Legal Document View

Unlock Advanced Research with PRISMAI

- Know your Kanoon - Doc Gen Hub - Counter Argument - Case Predict AI - Talk with IK Doc - ...
Upgrade to Premium
[Cites 0, Cited by 0]

Lok Sabha Debates

Regarding Alleged Irregularities In Construction Of Nh-91 In Misrikh ... on 30 November, 2021

Seventeenth Loksabha > Title: Regarding alleged irregularities in construction of NH-91 in Misrikh Parliamentary Constituency, Uttar Pradesh-laid.

श्री अशोक कुमार रावत (मिश्रिख):   मेरे संसदीय क्षेत्र मिश्रिख (उ0प्र0) के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-91 (बिल्हौर-चौबेपुर-शिवराजपुर-कनौज) का निर्माण कार्य चल रहा है । मैं लोक सभा में और मंत्रालय स्तर तथा एन0एच0ए0आई0 के सम्बद्ध अधिकारियों से अनुरोध कर चुका हूं कि बरसात के दिनों में उक्त सड़क के निर्माण कार्य को अविलम्ब रूकवाकर निर्माण कार्य में उपयोग में लायी जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच केन्द्रीय तकनीकी समिति से करवाकर दोषी अभियंताओं के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु तत्काल कार्यवाही की जाए ।

लेकिन दुःख है कि बरसात के दिनों में निर्माण कार्य जारी रहने के कारण सड़क पर जो मिट्टी डाली गई थी वह पानी में बहकर रास्तों पर आने के परिणामस्वरूप आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा अब स्थिति यह है कि आवागमन में काफी दिक्कत आ रही है और निर्माण सामग्री भी कथित रूप से घटिया स्तर की उपयोग में लायी जा रही है । यह सब कार्यदायी संस्था तथा एन0एच0ए0आई0 के अभियंताओं/अधिकारियों की कथित मिलीभगत से हो रहा है जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है ।

मैं यह भी अवगत कराना चाहूंगा कि उपर्युक्त राष्ट्रीय राजमार्ग 91 के निर्माण कार्य में मिट्टी का घनत्व भी ठीक नहीं है तथा गिट्टी का साइज भी मानक के अनुरूप नहीं है और सड़क निर्माण के कार्य हेतु जिन किसानों की भूमि से मिट्टी ली गई है, उसको अधिक मात्रा में निकाला गया है और साथ ही किसानों की सहमति के बगैर ही रात्रि के समय में उनकी भूमि से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया गया है जिससे न केवल स्थानीय किसानों में नाराजगी है बल्कि ग्रामों के सम्पर्क मार्ग भी खराब हो गए हैं ।

एन०एच०ए०आई० के संबंधित अभियंताओं  । अधिकारियों के चलते मुझे स्वयं भी अपने संसदीय क्षेत्र की बिल्हौर विधान सभा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आवागमन में बड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और यही स्थिति क्षेत्र के अन्य लोगों की भी है ।

अतः मेरा पुनः अनुरोध है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-91 के निर्माण कार्य में हो रही कथित अनियमितताओं और उपयोग में लायी जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा उपर्युक्त तथ्यों की जांच मंत्रालय स्तर पर केन्द्रीय तकनीकी समिति से करवाए जाने हेतु समुचित कदम उठाए जाएं ।