Lok Sabha Debates
Need To Provide Funds For Construction Of Railway Line Between Barwadih ... on 11 August, 2014
an> Title: Need to provide funds for construction of railway line between Barwadih (Jharkhand) and Chirimiri (Chhattisgarh).
श्री सुनील कुमार सिंह (चतरा) : सभापति महोदया, आपने मुझे नियम 377 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण विषय पर बोलने का मौका दिया, इसके लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं। मेरा संसदीय क्षेत्र चतरा बहुत ही पिछड़ा क्षेत्र है। यह क्षेत्र देश के प्रमुख नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में से एक है। यह पूरा क्षेत्र विकास की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा और उपेक्षित है। आवागमन की सुविधाओं का अत्यंत अभाव है। केन्द्र सरकार ने इस क्षेत्र को अति संवेदनशील मानते हुए विशेष विकास की योजनाएं चलाने की परियोजना के अधीनस्थ रखा है। यह क्षेत्र प्रकृतिक संसाधनों के दृष्टिकोण से देश के विकास की गति में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकता है। इस क्षेत्र में कोयला, एल्यूमिनियम, बॉक्साइट, डोलामाइट एवं अन्य खनिज संपदा का उत्खनन होता है। उपज एवं कृषि उपज (दलहन) की दृष्टि से भी यह क्षेत्र महत्वपूर्ण है, परन्तु रेलवे लाइन की पर्याप्त सुविधा के अभाव में इस क्षेत्र का विकास अब तक बाधित रहा है।
सभापति महोदया, मेरे संसदीय क्षेत्र में एक ऐसा रेलवे जंक्शन है, जहां से कोई रेलवे लाइन आकर नहीं मिलती है, वह बरवाडीह है। चतरा लोक सभा क्षेत्र में आजादी से पूर्व एक रेल लाइन वरवाडीह से चिरीमिरी प्रस्तावित थी। चिरीमिरी से अम्बिकापुर तक रेलवे लाइन बन चुकी है तथा शेष बरवाडीह से अम्बिकापुर तक रेलवे लाइन को जोड़ना है। इस रेलवे लाइन के लिए आजादी से पूर्व ही भूमि भी अधिग्रहित की जा चुकी है तथा कुछ निर्माण कार्य भी हुआ है। चिरीमिरी की यह लाइन पलामू प्रमंडल को छत्तीसगढ़ के सरगुजा से जोड़ता है।
सभापति महोदया, मैं आपके माध्यम से माननीय रेल मंत्री जी से मांग करता हूं कि इस प्रस्तावित लाइन बरवाडीह-चिरीमिरी को पूरा करने के लिए राशि आबंटित की जाए तथा शीघ्र पूरा करने के लिए समय-सीमा तय करके कार्य प्रारम्भ किया जाए।
Shri Sushil Kumar Singh - Not present.
Shri Ashok Mahadeorao Nete - Not present.